बलरामपुर 26 नवम्बर 2026 - छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के विजयनगर पुलिस चौकी क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता अपने रिश्तेदार के घर धान कटाई के काम में मदद करने आई थी। आरोप है कि घर में किशोरी को अकेला पाकर गांव के एक युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपी ने किशोरी को जान से मारने की धमकी भी दी। घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी अशोक यादव को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ग्राम पंचायत का पंच बताया जा रहा है।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, पीड़ित किशोरी झारखंड के गढ़वा जिले की रहने वाली है। वह कुछ दिन पहले धान कटाई के काम में अपने रिश्तेदारों की मदद करने के लिए रामानुजगंज क्षेत्र आई हुई थी। इसी दौरान 22 नवंबर को परिवार के अन्य सदस्य अपने काम से बाहर गए हुए थे और किशोरी घर में अकेली थी। आरोप है कि शाम करीब चार बजे गांव का पंच अशोक यादव वहां पहुंचा। किशोरी को अकेला पाकर आरोपी ने उसके साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया। किशोरी ने इसका विरोध किया, लेकिन आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी देते हुए कथित तौर पर दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
कुछ देर बाद जब परिवार के सदस्य घर लौटे, तो किशोरी ने उन्हें अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। घटना के बारे में पता चलने के बाद परिजन किशोरी को लेकर विजयनगर पुलिस चौकी पहुंचे। वहां उन्होंने आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए आरोपी पंच अशोक यादव के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की विवेचना सहायक उपनिरीक्षक अश्वनी कुमार कर रहे हैं। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।













