मोतिहारी 24 नवम्बर 2026 - बिहार के पूर्वी चंपारण जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां डुमरिया घाट थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले सेमुआपुर गांव में एक ही घर से दो सगी बहनों के शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। बच्चियों की उम्र महज 13 और 11 साल बताई जा रही है। एक साथ दो मासूम बहनों की मौत की खबर जैसे ही गांव में फैली, वहां अफरा-तफरी और शोक का माहौल बन गया।

मिली जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चियों की मां पहले से ही घर से लापता बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए घटना स्थल पर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक साइंस लैबोरेट्री की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने बच्चियों के पिता को हिरासत में ले लिया है और उससे इस घटना को लेकर पूछताछ की जा रही है। इसके साथ ही पुलिस लापता मां की तलाश कर रही है।

प्रारंभिक जानकारी और घटनास्थल पर मिले संकेतों के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि, दोनों बहनों की मौत जहर खाने की वजह से हुई हो सकती है। बताया जा रहा है कि, शवों के पास या मुंह के आसपास झाग निकलने जैसे लक्षण दिखे हैं, जिसके चलते जहर के सेवन का अनुमान लगाया जा रहा है। हालांकि, मौत के असली कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी।

बड़ा सवाल है कि, आखिर यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया गया। क्या दोनों बहनों ने स्वयं कोई जहरीला पदार्थ खाया, या फिर इसके पीछे परिवार के भीतर कोई अन्य वजह या किसी की संलिप्तता है, जिसमें लापता मां और हिरासत में लिए गए पिता की भूमिका भी शामिल हो सकती है। फिलहाल पुलिस हर संभावित एंगल से मामले की पड़ताल में जुटी है।