शिवपुरी 15 नवम्बर 2022 - कोतवाली थानांतर्गत मनीयर बाइपास के पास रहने वाली एक महिला ने जब अपने पति को तलाक देने से इंकार कर दिया तो पति ने अपनी पत्नी के ऊपर गर्म तेल फेंक दिया, जिससे हाथ-पैर मामूली रूप से झुलस गए। पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपित के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर लिया है। जानकारी के अनुसार मनीयर बाइपास किरार छात्रावास निवासी सीमा धाकड़ निवासी घटाई राठखेड़ा थाना पोहरी हाल निवास मनीयर वायपास शिवपुरी की शादी ग्राम ऐनपुरा थाना बैराड़ निवासी अरविंद धाकड़ से हुई थी।
शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच अनबन चल रही है, वह उसे आए दिन शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। इसी के चलते वह 20 सितंम्बर 2021 से अपने पिता के घर रह रही है। पति लगातार उससे तलाक देने की मांग कर रहा था, जबकि सीमा इसके लिए तैयार नहीं है।
इसी क्रम में बीते रोज शाम करीब 7-8 बजे अरविंद धाकड़ वायपास रोड़ स्थित सीमा के मायके आया। उस समय सीमा अपनी किचिन में खाना बना रही थी। अरविंद ने उस पर फिर से तलाक के लिए दबाब बनाया। उसका कहना था कि तू मुझे तलाक क्यों नहीं दे रही है।
सीमा के अनुसार उसने अरविंद को कहा कि वह उससे फिलहाल कोई बात नहीं करना चाहती है, उसके घर वाले अभी घर पर नहीं हैं। जब वह घर लौट आएंगे तब बात करेंगे। इस बार पर अरविंद गुस्से में आगबबूला हो गया। उसने गैस पर रखी कढ़ाई में रखा गर्म तेल सीमा पर फेंक दिया।
इस घटना में सीमा कई जगह से झुुलस गई। सीमा ने प्राथमिक उपचार के उपरांत मामले की शिकायत पुलिस को दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपित पति के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर लिया है।











