वलसाड 25 जनवरी 2022 - गुजरात के वलसाड शहर में एक नवविहाहित जोड़े को पहली ही रात हवालात में बितानी पड़ गई. दरअसल, यह जोड़ा कोरोना के कारण लगे नाइट कर्फ्यू के बीच शादी करके घर लौट रहा था. उनके साथ परिवार के अन्य लोग भी थे. लेकिन रास्ते में ही पुलिस ने उन सभी को रोक लिया और कोरोना गाइडलाइन का पालन ना करने के लिए हिरासत में ले लिया। इसी वजह से शादी की पहली ही रात दोनों पति-पत्नी को हवालात में रहकर गुजारनी पड़ गई।
जानकारी के मुताबिक, शादी वलसाड शहर के बाहरी इलाके में स्थित एक फार्महाउस पर रखी गई थी. जैसे ही शादी खत्म हुई दूल्हा-दुल्हन परिवार के साथ मिलकर घर जा रहे थे. उसी दौरान यह सब हो गया. पुलिस ने कोरोना गाइडलाइन का पालन ना करने के लिए दूल्हा-दुल्हन समेत अन्य बारातियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. फिलहाल बारातियों और नवदंपति को मंगलवार की सुबह ही पुलिस स्टेशन से जमानत पर छोड़ा गया।
पर पुलिस का आरोप है कि, जब इन लोगों को रोका गया तो दूल्हा पुलिस के साथ बदतमीजी करने लगा. तो वहीं, दूल्हे का कहना है कि वे लोग किसी कारणवश लेट हो गए थे. परिवार वालों ने पुलिस से रिक्वेस्ट भी की कि दूल्हा-दुल्हन को जाने दें. भले ही बारातियों को कार्रवाई के चलते रोक लें. लेकिन पुलिस ने उनके साथ बुरा व्यवहार किया और सभी को पुलिस स्टेशन ले गए।









