पानीपत 03 दिसम्बर 2021 - दिल्ली पैरलल नहर किनारे शराब पी रहे तीन लोगों ने राहगीर महिला को नहर किनारे गड्ढे में खींच लिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपितों ने महिला के साथ मारपीट की और उसका मोबाइल फोन, एक हजार रूपये की नगदी, पाजेब छीन ली और इस घटना की जानकारी किसी को भी देने पर हत्या करने की धमकी दी।

वारदात के बाद पीड़ित महिला थाना मॉडल टाउन पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। पुलिस ने  महिला की शिकायत पर तीन लोगों पर केस दर्ज किया, वहीं घटनास्थल पर महिला को साथ ले जा कर दबिश दी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपित फरार चुके थे। 

SP शशांक सावन ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए केस की जांच सीआईए टू को सौंपी। सीआईए-टू ने गुरुवार को इस केस की जांच की और आरोपितों की शिनाख्त कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपितों को कोर्ट में पेश किया और केस की जांच के लिए कोर्ट से आरोपितों का रिमांड मांगा। 

अदालत ने पुलिस का पक्ष सुनने के बाद तीनों आरोपितों को दो दिन के रिमांड पर पुलिस को सौंप दिया है। केस की जांच कर रहे इंस्पेक्टर वीरेंद्र ने बताया कि तीनों आरोपितों के नाम केस की जांच चलने के चलते सार्वजनिक नहीं किए जाएंगे , फिलहाल आरोपितों से पूछताछ जारी है।