ग्वालियर 27 नवंबर 2023 - मध्य प्रदेश के ग्वालियर में अपहरण करने के बाद 17 वर्षीय किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। किशोरी ने सुमावली से कांग्रेस के विधायक अजब सिंह कुशवाह के भतीजे सहित तीन युवकों पर अपहरण , सामूहिक दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट की धाराओं में FIR दर्ज करवाई है।
ASP अमृत मीणा ने बताया कि 17 वर्षीय किशोरी ने पुरानी छावनी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि 21 नवंबर को वह घर से बाहर किसी काम से निकली थी, तभी आरोपित सरविंद कुशवाह , रामू कुशवाह और छोटे खान सफेद रंग की स्कार्पियो से आए। ये लोग उसे अगवा कर मोतीझील स्थित प्लांट के पास ले गए। यहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म और अप्राकृतिक कृत्य किया। इसके बाद उसके साथ मारपीट की और भाग गए।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तीनों आरोपितों पर नामजद FIR दर्ज की। इनमें सरविंद कुशवाह सुमावली क्षेत्र से विधायक अजब सिंह कुशवाह का भतीजा है। FIR के अनुसार, आरोपितों ने पीड़िता को करीब चार घंटे तक बंधक बनाकर रखा और हैवानियत करते रहे। फिर जान से मारने की धमकी दी और कहा कि अगर किसी को घटना के बारे में बताया तो जान से मार देंगे।
इस मामले में ग्वालियर के ASP अमृत मीणा ने बताया कि 17 वर्षीय नाबालिग ने तीन लोगों पर अपहरण और गैंगस्टर की FIR दर्ज करवाई है। इस मामले की जांच की जा रही है अभी आरोपित नहीं पकड़े गए हैं।











