भोपाल 26 फरवरी 2022 -  राजधानी के टीटी नगर थाना क्षेत्र में हिट-एंड-रन का मामला सामने आया है। शुक्रवार देर रात एक तेज रफ्तार कार ने चार महिला आरक्षकों को टक्‍कर मार दी। ये चारों ड्यूटी खत्‍म होने के बाद रंगमहल टाकीज में मूवी देखकर पैदल वापस लौट रहीं थीं। हादसा डिपो चौराहा के पास हुआ। हादसे में घायल चारों महिला आरक्षकों को तुरंत अस्‍पताल ले जाया गया। फिलहाल तीनों का अलग-अलग अस्‍पताल में इलाज चल रहा है। इनमें से दो को ज्‍यादा चोट लगी है।

दो महिला आरक्षकों को नर्मदा अस्‍पताल और एक को हमीदिया अस्‍पताल रेफर किया गया, जबकि एक और महिला आरक्षक का जेपी अस्‍पताल में इलाज चल रहा है। इन महिला आरक्षकों के नाम शिवानी सोलंकी , अर्चना राय , प्रिया राठौर , प्रिया मीणा हैं.जो इन दिनों ट्रैफिक थाने में पदस्‍थ हैं। पुलिस ने कार जब्‍त कर चालक को हिरासत में ले लिया है।