गाजियाबाद 22 दिसंबर 2023 - गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक थाने में एक महिला डॉक्टर को प्रेमजाल में फंसाकर दुष्कर्म का मामला सामने आया है। महिला डॉक्टर के मुताबिक, आरोपी ने इमोशनली ब्लैकमेल कर उनसे करीब बीस लाख रुपये नकद और जेवर भी हड़प लिए तथा आत्महत्या की धमकी देकर मंदिर में शादी का ढोंग रचा। इसके बाद परिजनों के साथ मिलकर उसका गर्भपात करा दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर सात लोगों पर केस दर्ज किया है।

क्रॉसिंग रिपब्लिक थानाक्षेत्र की एक सोसाइटी में रहने वाली पीड़िता पेशे से MBBS डॉक्टर है। उसका कहना है कि डूंडाहेड़ा गांव में रहने वाले आकाश त्यागी ने प्रेमजाल में फंसाकर कई बार उनके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद परिजनों संग मिलकर इमोशनली ब्लैकमेल करते हुए पैसे ऐंठना शुरू कर दिया। महिला डॉक्टर का कहना है कि आकाश ने उस पर शादी का दबाव बनाया। इनकार करने पर आत्महत्या की धमकी देते हुए आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली।

पीड़िता का कहना है कि शादी के बाद गर्भवती होने पर वह आकाश के घर उसकी मां मीनू त्यागी से मिलने पहुंची तो उसने उसे घर में रखने से मना कर दिया। मीनू त्यागी ने कहा कि अभी उनकी बेटी की शदी नहीं हुई है। बेटी की शादी के बाद वह उसे घर में रख लेगी। पीड़िता का आरोप है कि इसी तरह झांसे में लेकर आकाश त्यागी और उसके परिजनों ने उसका गर्भपात करा दिया। साथ ही उनसे 20 लाख की नकदी-जेवर हड़प लिए।