जबलपुर 20 जून 2023 - जबलपुर में उप राष्ट्रपति के आयोजन के लिए ड्यूटी पर सागर से आई महिला आरक्षक के साथ छेड़छाड़ हो गई और एक महिला आरक्षक को जूते से पीटा भी गया। यह शर्मसार करने वाली घटना को कोई और नहीं बल्कि साथ में आए एक पुरुष आरक्षक ने ही किया है। जिसके बाद स्थानीय लोगों ने घटना को देखकर तुरंत महिला आरक्षक को बचाया और कैंट थाने ले गए, जहां पर आरोपित आरक्षक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। दूसरी ओर इस विवाद के बाद से आरोपी आरक्षक मोहन लाल गायब हो गया है।
जबलपुर के केंट थानांतर्गत गैरीसन ग्राउंड में सागर से डयूटी करने पहुंची एक महिला आरक्षक से अभद्रता हुई है। इस संबंध में सागर से जबलपुर पहुंची महिला आरक्षक ने बताया कि उनके साथ मोहन लाल नामक एक आरक्षक भी यहां पहुंचे हैं। इसी बीच सोमवार की शाम मोहन लाल ने महिला आरक्षक से छेड़छाड़ व अभद्रता कर दी। इस कृत्य का जब उन्होंने विरोध किया गया तो मोहन लाल ने महिला आरक्षक का हाथ मरोड़कर उस पर जूतों से हमला कर दिया। यह देख लोगों ने बचाव करते हुए महिला आरक्षक के चंगुल से बचाया और कैंट थाने पहुंचाया। जहा से केंट पुलिस की टीम ने पीड़िता को इलाज के लिए विक्टोरिया अस्पताल पहुंचाया और मामले की जांच शुरू की है।
इस संबंध में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय अग्रवाल का कहना है कि घटना के संबंध में महिला पुलिस आरक्षक की शिकायत पुलिस को मिली है। इस मामले में जांच की जा रही है। वहीं गायब हुए आरक्षक की जानकारी ली जा रही है।











