सिद्धार्थनगर 23 अक्टूबर 2026 - उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में विजयदशमी की रात मूर्ति विसर्जन के दौरान तेज आवाज में डीजे बज रहा था. आरोप है कि इस दौरान डीजे से निकले भीषण कंपन्न के कारण अस्पताल में जन्म के बाद घर लाए गए तीन दिन के बिल्कुल स्वस्थ नवजात ने तेज आवाज और घर में हुए वाइब्रेशन के डर से दम तोड़ दिया. घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट में डीजे की आवाज से मौत की पुष्टि नहीं हुई है।

नवजात के पिता जावेद मनिहार ने बताया कि उनकी पत्नी की डिलीवरी सोमवार शाम को हुई थी. बच्चे में कोई बीमारी नहीं थी और वह बिल्कुल ठीक था. रात 11 से 11:30 बजे के करीब दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान DJ का वॉल्यूम बहुत तेज था और कंपटीशन चल रहा था. आवाज और कंपन्न इतना ज्यादा था कि घर के बाहर का छज्जा का प्लास्टर उखड़ गया और घर के अंदर रखा ड्रम हिलने लगा. इसी दौरान बच्चा डर कर रोने लगा और कुछ ही सेकेंड में उसकी मौत हो गई।

नवजात की मां सबरून निशा का कहना है कि उनका बच्चा तो वापस नहीं आ सकता, लेकिन तेज आवाज में DJ बजाकर ऐसा करने वालों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

सिद्धार्थनगर पुलिस ने बच्चे के शव का पोस्टमार्टम करवाया. रिपोर्ट में दोनों कान के पर्दे सुरक्षित मिले और कोई ब्लड क्लॉटिंग नहीं पाई गई, जिससे DJ के शोर से मौत होने की पुष्टि नहीं हुई. अब मौत के सटीक कारण का पता लगाने के लिए विसरा प्रिजर्व कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है।