बालोद 23 अक्टूबर 2026 - बालोद जिले के दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में बाइक सवार शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा कुसुमकसा गांव के पास उस समय हुआ, जब एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाईक को जोरदार टक्कर मार दी। मृतक की शिनाख्त लितेश कुमार खरे के रूप में हुई है जो बैसबोड़ गांव स्थित हाई स्कूल में वाणिज्य (कॉमर्स) के शिक्षक के पद पर पदस्थ थे।
घटना के संबंध में बताया गया है कि लितेश कुमार खरे बालोद कलेक्ट्रेट में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) में शामिल होने गए थे। बैठक पूरी होने के बाद वे अपनी बाईक से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान कुसुमकसा गांव के पास किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
सड़क हादसे की सूचना मिलते ही दल्लीराजहरा थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा दुर्घटना को अंजाम देकर फरार हुए अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है।












