जशपुर 23 अक्टूबर 2026 - छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में भाजपा ने अपने मंडल उपाध्यक्ष जगेश्वर यादव के खिलाफ संगठनात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सोशल मीडिया पर डांसर के साथ कथित अश्लील वीडियो वायरल होने के बाद महादेवडांड़ मंडल अध्यक्ष प्रतीक प्रकाश सिंह ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस में तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है। साथ ही निर्धारित समय में जवाब नहीं देने पर एक तरफा कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। हालांकि, जगेश्वर यादव ने वायरल वीडियो को फर्जी बताते हुए इसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से तैयार किए जाने का दावा किया है।

जानकारी के मुताबिक, भाजपा के महादेवडांड़ मंडल उपाध्यक्ष और ग्राम घोघर के उप सरपंच जगेश्वर यादव का बताया जा रहा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें वह रात्रिकालीन आर्केस्ट्रा कार्यक्रम के दौरान डांसर के साथ नाचते और पैसे उड़ाते दिखाई दे रहा है। डांसर को किस करने का भी आरोप लगाया जा रहा है।

वीडियो को लेकर विवाद बढ़ने के बाद भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रतीक प्रकाश सिंह ने जगेश्वर यादव को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। पार्टी ने उनसे पूरे मामले में अपना पक्ष रखने को कहा है।