रायपुर 07 अक्टूबर 2026 - मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का 07 और 08 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित छत्तीसगढ़ दौरा स्थगित कर दिया गया है। वे भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ दो दिवसीय प्रवास पर रायपुर आने वाले थे। छत्तीसगढ़ के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय ने 06 अक्टूबर को संबंधित विभागों को पत्र जारी कर दौरा स्थगित होने की जानकारी दी। पत्र में इसके पीछे “अपरिहार्य कारण” बताए गए हैं।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त के दौरे को लेकर राज्य सरकार और प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां की जा रही थीं। ज्ञानेश कुमार को राज्य अतिथि का दर्जा दिया गया था और उनके प्रवास के दौरान सुरक्षा, परिवहन तथा अन्य प्रोटोकॉल व्यवस्थाओं के लिए संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए गए थे।

जानकारी के अनुसार, रायपुर कलेक्टर, पुलिस प्रशासन, स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट, सुरक्षा एजेंसियों और अन्य संबंधित विभागों को भी प्रस्तावित दौरे की सूचना दी गई थी। कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में थीं, लेकिन 6 अक्टूबर को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की ओर से नया पत्र जारी कर दौरे को फिलहाल स्थगित करने की जानकारी दी गई। निर्वाचन कार्यालय ने फिलहाल दौरे की नई तारीख घोषित नहीं की है।

अधिकारियों के अनुसार, भारत निर्वाचन आयोग से संशोधित कार्यक्रम मिलने के बाद नई तारीख की जानकारी संबंधित विभागों को अलग से दी जाएगी। यानी अभी यह स्पष्ट नहीं है कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त का छत्तीसगढ़ दौरा कब होगा।