रायपुर 06 अक्टूबर 2026 - वीआईपी सिटी सड्डू सेक्टर-6 में स्थित सहायक उप निरीक्षक (ASI) के  सूने मकान में चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम देते हुए करीब 5.85 लाख रुपये के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। खास बात यह है कि चोरों ने चोरी को अंजाम देने से पहले घर के सीसीटीवी कैमरे की दिशा आसमान की तरफ घुमा दी थी ताकि उनकी पहचान उजागर न हो सके।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित नागेंद्र सिंह छत्तीसगढ़ पुलिस के रक्षित केंद्र में सहायक उप निरीक्षक (ASI) के पद पर पदस्थ हैं। वह अपने परिवार के साथ किसी काम से पटना गए हुए थे। मकान सूना देखकर चोरों ने इसे अपना आसान निशाना बनाया। 

घटना का खुलासा तब हुआ जब ASI के पड़ोसियों ने उनके घर का दरवाजा खुला और ताले टूटे हुए देखे। पड़ोसियों ने तुरंत इसकी सूचना फोन पर एएसआई नागेंद्र सिंह को दी। सूचना मिलते ही वे वापस रायपुर लौटे। चोरों ने घर के मुख्य दरवाजे के साथ बेडरूम और ऊपर के कमरे में रखी आलमारियों के ताले तोड़ कर घर से करीब 5 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर और 85 हजार रुपये नकद चुराकर फरार हो गए।

घटना की शिकायत मिलने के बाद विधानसभा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपियों की तलाश के लिए आसपास लगे अन्य सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है ताकि चोरों का कोई सुराग हाथ लग सके।