रायपुर 26 अगस्त 2026 - छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है. बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया के प्रभाव से पूरे प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां जारी है. इसके अगले 24 घंटे तक एक्टिव रहने के आसार हैं. मंगलवार को प्रदेश के कई इलाकों में पानी गिरा, जबकि सरगुजा छोड़कर सभी संभागों के कुछ इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई. अब तक का मौसमी सब-डिविज़नल वर्षा सामान्य रही है. इसमें 2 प्रतिशत का अंतर है।

मौसम विभाग ने बताया कि 25 अगस्त को झारखंड और उसके आस-पास के इलाकों में बना निम्न दबाव का क्षेत्र  उसी जगह पर बना हुआ है. इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला है और ऊंचाई के साथ दक्षिण की ओर झुका हुआ है. इस सिस्टम के अगले 24 घंटों के दौरान लगभग पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार रायपुर में बादल छाए रहेंगे, बौछारें भी हो सकती है राजधानी रायपुर में 26 अगस्त को आकाश सामान्यतः मेघमय रहने की संभावना है. एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने आज सुबह से अगले तीन घंटों के लिए कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली, तेज हवा और वर्षा की संभावना जताई गई है. इन इलाकों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।