रायपुर 03 नवंबर 2023 - महादेव एप के प्रमोटर की तरफ से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को पैसा दिये जाने के ED के आरोप पर मुख्यमंत्री ने प्रतिक्रिया दी है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि इससे बड़ा मजाक कुछ और नहीं हो सकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी को मारपीट कर बयान डलवाकर राज्य के मुख्यमंत्री पर आरोप लगा रहे हैं। मैं अगर प्रधानमंत्री पर आरोप लगा दूं, तो क्या प्रधानमंत्री से पूछताछ करेंगे।
CM बघेल ने अपने बयान को X पर शेयर करते हुए लिखा है कि जैसा कि मैंने पहले कहा है कि भारतीय जनता पार्टी ईडी, आईटी, डीआरआई और सीबीआई जैसी एजेंसियों के सहारे छत्तीसगढ़ का चुनाव लड़ना चाहती है. चुनाव के ठीक पहले ईडी ने मेरी छवि धूमिल करने की सबसे कुत्सित प्रयास किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा है कि यह कांग्रेस की लोकप्रिय सरकार को बदनाम करने का राजनीतिक प्रयास है जो ईडी के माध्यम से किया जा रहा है. ‘महादेव ऐप’ की कथित जांच के नाम पर ईडी ने पहले मेरे करीबी लोगों को बदनाम करने के लिए उनके घर छापे डाले और अब एक अनजान से व्यक्ति के बयान को आधार बनाकर मुझ पर 508 करोड़ लेने का आरोप लगा दिया है।
ईडी की चालाकी देखिए कि उस व्यक्ति का बयान ज़ाहिर करने के बाद एक छोटे से वाक्य में लिख दिया है कि बयान जांच का विषय है. अगर जांच नहीं हुई है तो एक व्यक्ति के बयान पर प्रेस रिलीज़ जारी करना न केवल ईडी की नीयत को बताता है बल्कि इसके पीछे केंद्र सरकार की बदनीयती को भी ज़ाहिर करता है।











