रायपुर 11 नवम्बर 2026 - बोर्ड परीक्षा 2027 की तैयारी कर रहे लाखों विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशंस (CISCE) ने कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं का आधिकारिक टाइम टेबल जारी कर दिया है। घोषित कार्यक्रम के अनुसार ICSE यानी कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा 15 फरवरी से शुरू होकर 31 मार्च 2027 तक चलेगी। वहीं ISC यानी कक्षा 12वीं की परीक्षा 9 फरवरी से शुरू होगी और 8 अप्रैल 2027 को समाप्त होगी। इस बार दोनों बोर्ड परीक्षाओं में कुल 3,79,980 विद्यार्थी शामिल होंगे। परीक्षा की तारीखों के साथ बोर्ड ने 10वीं के विद्यार्थियों के लिए परीक्षा शुरू होने के समय में भी महत्वपूर्ण बदलाव किया है।

इस वर्ष ICSE और ISC की बोर्ड परीक्षाओं में कुल 3,79,980 विद्यार्थी शामिल होंगे। इनमें ICSE के 2,69,955 और ISC के 1,10,025 परीक्षार्थी शामिल हैं। ICSE परीक्षा में बोर्ड से संबद्ध 3,106 स्कूलों के विद्यार्थी भाग लेंगे। वहीं ISC परीक्षा में 1,651 स्कूलों के छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। कक्षा 10वीं की परीक्षा 76 विषयों और प्रश्नपत्रों के लिए आयोजित की जाएगी, जबकि कक्षा 12वीं की परीक्षा में 60 विषय शामिल किए गए हैं।

ICSE परीक्षा कुल 2,835 केंद्रों पर आयोजित होगी, जबकि ISC परीक्षा के लिए 1,477 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। बोर्ड ने दोनों कक्षाओं की परीक्षाओं के लिए विस्तृत कार्यक्रम जारी करते हुए विद्यार्थियों को समय और अन्य निर्देशों का पालन करने के लिए कहा है।

ICSE की परीक्षा शुरू होने के समय को लेकर किया गया है। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार जिन परीक्षाओं का लेखन समय सुबह 10:15 बजे निर्धारित है, उनके लिए प्रश्नपत्र पढ़ने की अवधि सुबह 10 बजे से शुरू होगी। विद्यार्थियों को प्रश्नपत्र पढ़ने के लिए 15 मिनट दिए जाएंगे। इसके बाद सुबह 10:15 बजे से उत्तर लिखने की प्रक्रिया शुरू होगी। इससे पहले प्रश्नपत्र पढ़ने का समय सुबह 10:45 बजे और उत्तर लिखने का समय सुबह 11 बजे निर्धारित था। अब परीक्षा का समय पहले कर दिया गया है।

संशोधित परीक्षा समय के अनुसार विद्यार्थियों को सुबह 9:45 बजे तक निर्धारित परीक्षा हॉल में अपनी सीट पर बैठना होगा। ऐसे में परीक्षा देने वाले छात्र छात्राओं को समय का विशेष ध्यान रखना होगा। 

CISCE ने कक्षा 10वीं और 12वीं की विषयवार डेटशीट अपनी आधिकारिक वेबसाइट cisce.org पर उपलब्ध कराई है। विद्यार्थी वेबसाइट पर जाकर ICSE Year 2027 या ISC Year 2027 की परीक्षा समय-सारिणी देख सकते हैं। डेटशीट में विषय के अनुसार परीक्षा की तारीख, समय और परीक्षा की अवधि की जानकारी दी गई है।