रायपुर 31 अक्टूबर 2026 - रायपुर जिले के गोबरा नवापारा के वार्ड क्रमांक 7 में रेलवे स्टेशन रोड स्थित आयुष्मान अस्पताल के सामने नाली में एक भ्रूण मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शनिवार सुबह स्थानीय लोगों ने नाली में भ्रूण देखा और तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह रेलवे स्टेशन रोड पर रोजमर्रा के काम से गुजर रहे लोगों की नजर आयुष्मान अस्पताल के सामने नाली में पड़े भ्रूण पर पड़ी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। इसके बाद बिना देर किए पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मौके का निरीक्षण किया और मामले से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटानी शुरू की।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि गर्भपात के बाद भ्रूण को नाली में फेंका गया होगा। हालांकि, पुलिस की ओर से इस संबंध में अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। भ्रूण की स्थिति और अन्य परिस्थितियों के आधार पर जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।