बिलासपुर 31 अक्टूबर 2026 - छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में बीमा कंपनी की महिला कर्मचारी को लॉज में ले जाकर रैपिडो ड्राइवर द्वारा रेप करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि, ग्राहक बनकर रैपिडो कर्मी युवक बीमा प्लान समझने के बहाने युवती को लॉज ले गया, वहां कमरा बंद कर उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर धमकी देकर भाग गया। युवती की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। मामला तारबाहर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक कोरबा की रहने वाली 25 साल की युवती व्यापार विहार स्थित एक प्राइवेट लाइफ इंश्योरेंस कंपनी में काम करती है। लोगों के पास जाकर युवती बीमा पॉलिसी का प्लान समझाकर ग्राहक बनाती है। 27 अक्टूबर को युवती ने रायपुर जाने के लिए रैपिडो बुक किया। जिसके बाद दयालबंद निवासी अभिषेक सलूजा अपनी बाइक लेकर पहुंचा। उसने युवती को रेलवे स्टेशन छोड़ा।
तभी उनके बीच बातचीत हुई और मोबाइल नंबर ले लिया। इस दौरान युवती ने उसे बीमा कंपनी में काम करने और प्लान समझाने की बात कही। युवती ने पुलिस को बताया कि, 28 अक्टूबर को रैपिडो ड्राइवर युवक ने उसे फोन किया और इंश्योरेंस प्लान समझने के लिए बुलाया। युवती ने उसके पास पहुंचकर प्लान की जानकारी दी, तो युवक ने दिवाली से पहले पॉलिसी लेने की बात कही। इस दौरान प्लान समझने के लिए शोरगुल होने का हवाला दिया।
फिर किसी शांत जगह पर चलकर बात करने को कहा। युवती उसकी बातों में आकर उसके साथ चली गई।इस दौरान युवक उसे स्टेशन रोड स्थित एक लॉज में ले गया और कमरे का दरवाजा बंद कर दिया। उसके बाद युवती के साथ दुष्कर्म किया।
ASP पंकज पटेल ने बताया कि, युवती की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी रैपिडो ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस की टीम ने आरोपी के घर में दबिश दी, तब पता चला कि घर वालों ने उसे निकाल दिया है। अब पुलिस आरोपी के ठिकानों में दबिश देकर उसकी तलाश कर रही है। फिलहाल, आरोपी युवक पुलिस पकड़ से बाहर है।












