दुर्ग 05 सितंबर 2026 - दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र में पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिए सट्टा मटका को बढ़ावा देने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से कब्जे से दो मोबाइल फोन समेत डिजिटल सामग्री जब्त की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी YouTube पर “ANSHU MATKA” नाम से चैनल चलाकर सट्टा मटका के अंकों की भविष्यवाणी से जुड़े वीडियो बनाकर अपलोड और प्रसारित करता था।
दरअसल 04 सितंबर को पुलिस को सूचना मिली थी कि डुमरडीह बस स्टैंड स्थित अंजली ब्यूटी पार्लर के पास एक व्यक्ति मोबाइल के जरिए YouTube पर सट्टा मटका से संबंधित वीडियो प्रसारित कर रहा है। सूचना के आधार पर उतई पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया।
जब पुलिस ने पूछताछ और मोबाइल की जांच की तो युवक की पहचान 29 वर्षीय रवि चेलक, निवासी डुमरडीह के रूप में हुई। जांच के दौरान उसके मोबाइल में “ANSHU MATKA” नाम का You Tube चैनल मिला।
पुलिस का कहना है कि चैनल पर “राजधानी नाईट कल्याण जोड़ी” सहित सट्टा-मटका के अंकों की भविष्यवाणी से संबंधित वीडियो अपलोड किए जा रहे थे। पुलिस ने मामले में इस्तेमाल किए जा रहे दो Vivo Android मोबाइल फोन और सट्टा गतिविधियों से संबंधित डिजिटल सामग्री जब्त की है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस अब जब्त डिजिटल सामग्री के आधार पर यह पता लगाने में जुटी है कि YouTube चैनल के जरिए सट्टा गतिविधियों को किस तरह संचालित या प्रचारित किया जा रहा था और इससे जुड़े अन्य लोगों की कोई भूमिका थी या नहीं।













