GPM 22 सितंबर 2026 - छत्तीसगढ़ गौरेला पेंड्रा मरवाही जिल के ग्राम खरड़ी में रविवार शाम की घर के आंगन में कपड़ा सुखाने के दौरान एक ही परिवार के तीन लोग करंट की चपेट में आ गए। हादसे में 16 वर्षीय किशन की मौत हो गई। पिता विकेश सिंह बेहोश हो गए और मां रहमत बाई करंट के झटके से दूर जा गिरीं।

रविवार को शाम के वक्त तेज बारिश हो रही थी। पेंड्रा के ग्राम खरड़ी निवासी विकेश सिंह खेत से काम कर घर लौटे थे, बारिश में भीगने के कारण कपड़े गीले हो गए। घर पहुंचने के बाद, आंगन में कपड़े सुखाने के लिए लगाए गए तार पर अपना गीला कपड़ा डाल रहा था, इसी दौरान तार में प्रवाहित करंट की चपेट में आने से विकेश को जोरदार झटका लगा और वे बेहोश होकर गिर पड़े। पति को आंगन में गिरा देख रहमत बाई उन्हें बचाने पहुंचीं। उन्होंने जैसे ही विकेश को पकड़ने का प्रयास किया, वह भी करंट की चपेट में आ गई और तेज झटके से दूर जा गिरी।

इसी दौरान उनका 16 वर्षीय बेटा किशन माता पिता को अचेत अवस्था में देखकर मदद के लिए पहुंचा। वह भी करंट प्रवाहित तार के संपर्क में आ गया। करंट लगने से किशन की मौके पर ही मौत हो गई। बाद में रहमत बाई को होश आया तो आसपास के ग्रामीणों की मदद से लकड़ी के सहारे करंट वाले तार को हटाया गया। इसके बाद तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

डॉक्टर ने जांच के बाद किशन को मृत घोषित कर दिया, उपचार के बाद विकेश को होश आ गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने किशन के शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराया। आवश्यक कार्यवाही के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।