बिलासपुर 13 नवंबर 2026 - छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से रिश्तों और भरोसे को तार तार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक शातिर युवती ने मेडिकल व्यवसायी को अपने प्रेम जाल में फंसाकर और निजी संबंधों का झांसा देकर 4 लाख रुपए की बड़ी रकम ब्लैकमेलिंग के जरिए वसूल ली।
आरोपी युवती इतने पर ही नहीं रुकी, बल्कि वह लगातार फोन करके पैसों की मांग करती रही और बदनाम करने की धमकी देने लगी। पीड़ित व्यवसायी द्वारा कुछ रकम ऑनलाइन ट्रांसफर करने के बावजूद जब युवती की पैसों की भूख कम नहीं हुई, तो उसने तंग आकर सिटी कोतवाली थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने प्राथमिक जांच के आधार पर आरोपी युवती के खिलाफ एक्सटॉर्शन का गंभीर मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक मेडिकल व्यवसायी ने जरूरतमंद समझकर एक युवती को अपने संस्थान में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर नौकरी पर रखा था। संस्थान में काम करने के दौरान युवती ने बड़ी चालाकी से अपने मालिक को अपने प्यार के जाल में फंसा लिया। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और शारीरिक संबंध भी बने। कुछ समय बीतने के बाद युवती की शादी किसी अन्य युवक के साथ हो गई, जिससे व्यवसायी ने राहत की सांस ली, लेकिन यह शादी ज्यादा लंबी नहीं टिक सकी और कुछ ही दिनों में टूट गई।
पति का घर छोड़ने के बाद युवती एक बार फिर सक्रिय हो गई और उसने पुराने संबंधों और निजी पलों का हवाला देकर व्यवसायी को मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। उसने व्यवसायी को सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से बदनाम करने की धमकी देकर पैसों की डिमांड बढ़ा दी। डर और सामाजिक प्रतिष्ठा के कारण व्यवसायी ने शुरुआत में उसे कुछ पैसे ऑनलाइन ट्रांसफर भी किए, लेकिन जब आरोपी की मांगें थमने का नाम नहीं लीं और धमकियां बढ़ती गईं, तो व्यवसायी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई।
फिलहाल, सिटी कोतवाली पुलिस ने युवती के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है।













