वृंदावन 12 नवम्बर 2026 - वृंदावन के महामंडलेश्वर और कथावाचक इंद्रदेव महाराज पर पुणे की महिला ने यौन शोषण का आरोप लगाया है। बिहार की रहने वाली महिला का आरोप है कि दिसंबर 2023 में वृंदावन स्थित आश्रम में महाराज ने उसे कमरे में बुलाकर जबरन शारीरिक संबंध बनाए। महिला ने पारिवारिक समस्याएं दूर करने का झांसा देने का भी आरोप लगाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 42 वर्षीय पीड़िता अपने पति और दो बेटियों के साथ महाराष्ट्र के ठाणे में रहती है। महिला के मुताबिक, अप्रैल 2023 में मुंबई के सांताक्रूज़ इलाके में आयोजित एक सत्संग के दौरान वह डॉ. इंद्रदेव महाराज के संपर्क में आई थी। वहां उसने महाराज से दीक्षा ली और अपने परिवार की कुछ निजी एवं पारिवारिक समस्याएं उनके सामने रखीं। पीड़िता का आरोप है कि महाराज ने उसकी समस्याएं दूर करने का भरोसा दिया और लगातार संपर्क में रहने को कहा।
इसी झांसे में आकर दिसंबर 2023 में वह अपनी बेटियों के साथ वृंदावन स्थित सेवाधाम आश्रम पहुंची। महिला ने आरोप लगाया कि वृंदावन आश्रम में रुकने के दौरान एक रात महाराज ने उसे अपनी व्यक्तिगत और पारिवारिक समस्याओं के समाधान के बहाने अपने कमरे में बुलाया और उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता का यह भी आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने नवंबर 2025 और जनवरी 2026 के दौरान उसे व्हाट्सएप पर अश्लील वीडियो कॉल किए और आपत्तिजनक हरकतें करने के लिए दबाव बनाया।
जब महिला ने विरोध किया और बदनामी के डर से दूरी बनानी चाही, तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकियां दी गईं। पीड़िता का कहना है कि 17 जून 2026 को भी महाराज ने फोन पर उसे बुरी तरह धमकाया था, जिसके बाद उसने हिम्मत जुटाकर कानूनी सहारा लेने का फैसला किया।
महाराष्ट्र के मीरा-भाईंदर क्षेत्र स्थित काशिमीरा पुलिस स्टेशन में स्वामी इंद्रदेव के खिलाफ बलात्कार और आपराधिक धमकी की विभिन्न धाराओं के तहत जीरो एफआईआर दर्ज कराई गई है। चूंकि अपराध का मुख्य स्थान उत्तर प्रदेश का वृंदावन क्षेत्र है, इसलिए महाराष्ट्र पुलिस ने मामला दर्ज कर केस की डायरी आगे की कानूनी जांच के लिए वृंदावन पुलिस को सौंप दी है।













