बलौदाबाजार 13 नवम्बर 2026 - छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार भाटापारा जिले में एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर ट्रक में जा घुसी। इस हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। मामला भाटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार, बाइक सवार तीनों युवक ग्राम आलेसुर के रहने वाले है। बताया जा रहा है कि, तीनों युवक एक बाइक में सवार होकर भाटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र के ग्राम खपराडीह पहुंचे थे तभी अचानक उनकी बाइक अनियंत्रित होकर ट्रक में जा घुसी। इस हादसे में मौके पर ही दो युवक की मौत हो गई। वहीं एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल तीसरे युवक को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए अन्य अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही भाटापारा ग्रामीण थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि, हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और बाइक ट्रक से कैसे टकराई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।













