बीजापुर 12 नवम्बर 2026 - छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में करीब दो करोड़ रुपये के सोने चांदी के आभूषण और नकदी की कथित लूट का मामला पूरी तरह फर्जी निकला है। कर्ज के भारी बोझ से परेशान ज्वेलरी व्यापारी स्वरूप सोनी ने कर्जदारों से बचने के लिए अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की मनगढ़ंत कहानी रची थी। व्यापारी ने पुलिस को बताया था कि नेशनल हाईवे पर हथियारबंद बदमाशों ने उसका रास्ता रोककर करीब दो करोड़ रुपये के आभूषण और नकदी लूट ली है। हालांकि, बीजापुर पुलिस ने 100 से अधिक CCTV फुटेज और पूछताछ के आधार पर पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया।
पुलिस के अनुसार, गीदम निवासी सोने और चांदी का व्यापारी स्वरूप सोनी भैरमगढ़ में ज्वेलरी की दुकान संचालित करता है। उसने 09 नवंबर को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह अपने तूफान वाहन में चालक देवेंद्र ठाकुर और कपड़ा व्यापारी ललित बुरड़ के साथ भैरमगढ़ से गीदम लौट रहा था।
व्यापारी ने शिकायत में बताया था कि शाम करीब 6 बजे नेशनल हाईवे-63 पर पांडेमुर्गा के आसपास जंगल के पास तीन अज्ञात लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप लगाया गया था कि बदमाशों ने पिस्टल और चाकूनुमा हथियार दिखाकर वाहन में रखा बैग लूट लिया। शिकायत के मुताबिक, बैग में करीब दो करोड़ रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी रखी थी।













