बिलासपुर 06 सितम्बर 2026 - सकरी थाना क्षेत्र के भरनी स्थित CRPF कैंप परिसर में एक जवान ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जवान का शव कैंप परिसर में पेड़ पर लटका मिला। घटना की जानकारी के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक जवान की पहचान 33 वर्षीय जयप्रकाश गहिर के रूप में हुई है। वह ओडिशा के बलांगीर जिले का रहने वाला था और CRPF में आरक्षक के पद पर तैनात था। घटना की सूचना मिलते ही सकरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
फिलहाल जवान के आत्महत्या करने के पीछे की वजह सामने नहीं आई है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि जवान ने यह कदम क्यों उठाया। घटना की सूचना जवान के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मामले में आगे की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।













