अंबिकापुर 02 नवंबर 2026 - सरगुजा जिले के सीतापुर में एक नाबालिग किशोर की आत्महत्या का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि करीब एक महीने पहले तीन युवकों ने किशोर के साथ मारपीट कर अश्लील हरकत की थी और उसका वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देते हुए उसे ब्लैकमेल कर रहे थे। इस घटना के बाद से किशोर मानसिक रूप से परेशान था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना सीतापुर नगर पंचायत के महामाया वार्ड स्थित कटनईपारा की है।

आरोप है कि करीब एक महीने पहले इलाके के ही तीन युवकों ने नाबालिग किशोर के साथ मारपीट की थी। इस दौरान आरोपियों ने उसके कपड़े उतरवाकर अश्लील हरकत की और उसका वीडियो भी बना लिया था। आरोपियों ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर किशोर को लगातार ब्लैकमेल किया। इससे परेशान होकर परिजनों ने सीतापुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पॉक्सो (POCSO) एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अंबिकापुर सेंट्रल जेल भेज दिया था।

बताया जा रहा है कि घटना के करीब एक महीने बाद नाबालिग किशोर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर सीतापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। किशोर की आत्महत्या के पीछे प्रताड़ना और ब्लैकमेलिंग की घटना की भूमिका समेत अन्य संभावित कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।