रायपुर 26 अप्रैल 2023 - भारतीय जनता पार्टी ने कल यानी की 27 अप्रैल को सरगुजा संभाग बंद का ऐलान किया है। दरअसल, जशपुर में जिले में जिला पंचायत सदस्य गेंदबिहारी साय की हिरासत और पुलिस द्वारा मारपीट मामले में भाजपा ने आज प्रेस कांफ्रेंस का आयोजन किया।
भाजपा नेता और सरगुजा संभाग प्रभारी संजय श्रीवास्तव ने कहा कि, छत्तीसगढ़ में लगातार सनातन और हिंदू धर्म का अपमान हो रहा है। उसी कड़ी में सरगुजा संभाग में गहिरा गुरु के पुत्र गेंदबिहारी जी जो कि जिला पंचायत सदस्य है, उनको जिस तरीके से बर्बरतापूर्वक पुलिस द्वारा उठाया गया और मारपीट की। यह केवल एक घटना ही नहीं थी। सरकार के संरक्षण में ही पुलिस ने ये किया है।
हमने मांग की है कि, इन पुलिसकर्मियों को बर्खास्त की जाए और मामले पर जांच की जाए। कल सर्व समाज भारतीय जनता पार्टी के साथ मिलकर गुरु गहिरा के सम्मान में और इस सरकार के विरोध में पूरा सरगुजा संभाग बंद रहेगा।










