अम्बिकापुर 12 नवंबर 2023 -  सरगुजा के सीतापुर से कांग्रेस प्रत्याशी मंत्री अमरजीत भगत को स्थानीय लोगों के नाराजगी का सामना करना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि ग्राम वंदना में मंत्री जी के कार्यकर्ता गांव में कार्यक्रम के लिए पहुंचे थे, लेकिन नाराज ग्रामीणों ने कार्यक्रम का विरोध जताते हुए वापस जाओ के नारे लगाने लगे। 

वहीं एक अन्य पोड़ी गांव में ग्रामीणों ने मंत्री की विदाई की शपथ ली और मंत्री समर्थकों पर पथराव करने की भी बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि सीतापुर क्षेत्र के वंदना गांव में शुक्रवार को मंत्री अमरजीत भगत के साथ समर्थक गांव में आर्केस्ट्रा कराने के लिए पहुंचे थे। जिसे दुर्गा पूजा पंडाल में आयोजित किया जाना था। 

लेकिन आर्केस्ट्रा के कार्यक्रम से पहले ही गांव वालों ने इस कार्यक्रम का विरोध कर दिया। अमरजीत के समर्थकों ने ग्रामीणों के साथ जब हुज्जतबाजी करने की कोशिश की, तब गावं के 300 से अधिक की संख्या में ग्रामीण एकजुट हो गए और अमरजीत ​​​​​​भगत वापस जाओ के नारे लगाने लगे। बताया जा रहा है कि इस घटना के बाद आर्केस्ट्रा का कार्यक्रम निरस्त कर दिया गया और उन्हें वापस लौटना पड़ा।

बता दे कि सरगुजा का सीतापुर विधानसभा सीट को कांग्रेस का गढ़ माना जाता है। इस सीट से मंत्री अमरजीत चार बार चुनाव जीत चुके है। लेकिन मौजूदा चुनाव में जिस तरह से क्षेत्र में ग्रामीण विरोध कर रहे है, उससे इस सीट पर मंत्रीजी की मुश्किले बढ़ती नजर आ रही है।