रायपुर 13 जून 2022 -  राजधानी रायपुर में लगातार तीसरे दिन हत्या हुई। रविवार देर रात गुढ़ियारी के मुर्रा भट्टी में साधारण विवाद पर दो युवकों ने मिलकर अपने नाबालिग साथी की चाकू मारकर हत्या कर दी।

मृतक का नाम यश ठाकुर (17)  बताया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि रविवार देर रात आरोपित भनपुरी निवासी विक्की दिवाकर (20 वर्ष) और अनिल लहरे (18 वर्ष) दोनों नाश्ता करने गए थे। उसी समय मृतक यश वहां पहुंचा। चाय-नाश्ते के दौरान इनके बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। तभी आरोपित विक्की और अनिल ने चाकू से यश पर हमला कर दिया। उस पर चाकू के कई वार करने के बाद आरोपित वहां से भाग निकले।

आसपास के लोगों ने यश को अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हत्या की जानकारी मिलते ही गुढ़ियारी पुलिस ने आरोपियों की ढूंढना शुरू कर दिया था। थोड़ी देर के बाद पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।