अम्बिकापुर 29 दिसंबर 2023 - सरगुजा जिले के एक शराब दुकान में खुलेआम मिलावटी शराब बेचे जाने का मामला सामने आया है। शराब में मिलावट करने का वीडियो भी वायरल हो रहा है। इस मामले में शराब दुकान में काम करने वाले 4 लोगों को नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया है वहीं आबकारी उप निरीक्षक को निलंबित कर दिया गया है। पूरा मामला सरगुजा जिले का बताया जा रहा है। 

मिली जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया में वीडियो वायरल हो रहा था जिसके बाद आबकारी आयुक्‍त ने पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए थे। जांच में पता चला की शराब में मिलावट का वायरल हो रहा वीडियो अंबिकापुर के बौरीपारा स्थित शराब दुकान की है। वीडियो में दिख रहे कर्मचारी इसी शराब दुकान में काम करते मिले।

जांच के बाद शराब दुकान के कर्मचारी बृज बिहारी गुप्‍ता , विजय नंद राजवाड़े , सुरेश कुमार राजवाड़े और वहां के सुरक्षाकर्मी राम सेवक तिर्की को ब्‍लैक लिस्‍टेड करते हुए तुरंत नौकरी से बाहर कर दिया गया। वहीं दुकान के प्रभारी आबकारी उप निरीक्षक सौरभ साहू को निलंबित कर दिया गया है।