रायपुर 06 दिसंबर 2023 - छत्तीसगढ़ में भाजपा की अगली सरकार में मुख्‍यमंत्री कौन होगा यह सस्‍पेंस एक या दो दिनों में खत्‍म हो जाएगा। दिल्‍ली में पार्टी की उच्‍च स्‍तरीय बैठक में मुख्‍यमंत्री का नाम और सरकार का पूरा स्‍वरुप फाइनल कर लिया गया है। पार्टी नेताओं के अनुसार राज्‍य में सरकार का स्‍वरुप जातिगत और सामाजिक समीकरण के साथ ही 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव को ध्‍यान में रखकर तैयार किया गया है।

छत्‍तीसगढ़ में भाजपा के कुल 54 विधायक जीत कर आए हैं। पार्टी ने इसमें से 20 नाम छांट कर निकाला है। इनमें कुछ पहली बार के भी विधायक शामिल हैं। इनमें 8 एसटी, 2 एससी और बाकी 10 सामान्‍य वर्ग से हैं। 10 सामान्‍य में 4 ओबीसी हैं। 

इन 20 नामों में डॉ. रमन सिंह, बृजमोहन अग्रवाल, अमर अग्रवाल, विष्णुदेव साय, धरमलाल कौशिक, अरुण साव, अजय चंद्राकर, ओपी चौधरी, रेणुका सिंह, राम विचार नेताम, राम कुमार टोप्‍पो, विजय शर्मा, पुन्नुलाल मोहले, धर्मजीत सिंह, अनुज शर्मा, राजेश मूणत, दयालदास बघेल, विक्रम उसेंडी, नीलकंठ टेकाम, लता उसेंडी और केदार कश्यप का नाम शामिल है।

छत्‍तीसगढ़ विधानसभा में कुल 90 सदस्‍य हैं। ऐसे में यहां कैबिनेट का आकार 13 सदस्‍यों से ज्‍यादा नहीं हो सकता। इसमें मुख्‍यमंत्री भी शामिल हैं। इसके बाद विधानसभा अध्‍यक्ष और एक उपाध्‍यक्ष। इस तरह 20 में से 15 लोगों को ही पद मिल पाएगा। ऐसे में पहली बार के विधायकों को संसदीय सचिव का पद देकर संतुष्‍ट करने की योजना है। बाकी वरिष्‍ठों को कैबिनेट में स्‍थान दिया जाएगा।