रायपुर 16 नवंबर 2023 - विधानसभा चुनाव प्रचार का शोर थम गया है, लेकिन अब विवादों का शोर बढ़ गया है। प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों से कार्यकर्ताओं के बीच विवाद , मारपीट और शिकायतों की खबर आ रही है। साजा विधानसभा क्षेत्र में तो कई भाजपा कार्यकर्ताओं के सिर फूट गया है। इसको लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साध रही है। वहीं, साजा सीट से भाजपा प्रत्याशी ने भी वीडियो संदेश जारी किया है। इस बीच सीएम भूपेश बघेल ने कांग्रेसियों के लिए एक अपील जारी की है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने एक्स (ट्विटर) एकाउंट से कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए एक संदेश जारी किया है। सीएम ने पोस्ट किया है- मेरे कांग्रेस के कार्यकर्ता साथियों.. विपक्ष के कार्यकर्ता अगर आपके साथ कोई भी अभद्र टिप्पणी करते हैं या आपको भड़काने की कोशिश करते हैं, तब भी मन शांत रखना।
अक्सर पराजय के पूर्वानुमान के कारण ऐसी मनोदशा होती है. हमको मोहब्बत से रहना है , सबको गले लगाना है। सब अपने हैं, इनको भी हम पर ही भरोसा है. हमारी योजनाओं का लाभ इन सबको भी मिलेगा।











