मुरादाबाद 05 दिसंबर 2023 - यूपी के मुरादाबाद जिले के भोजपुर में एक युवक को अपनी ही भाभी से प्रेम-प्रसंग भारी पड़ गया। प्रेम-प्रसंग के दौरान कुछ ऐसा हो गया कि युवक अपने ही भतीजे का हत्यारा बन गया। दरअसल भतीजे ने चाचा को उसकी भाभी के साथ बिस्तर पर देख लिया था। इसके बाद चाचा ने बदनामी से बचने के लिए अपने भतीजे का गला घोंटकर शव को गन्ने के खेत में फेंक दिया था।
जानकारी के भोजपुर के सिडलऊ नाजरपुर मिलक निवासी मोहम्मद यूसुफ मजदूरी करता है। परिवार में पत्नी कौशर जहां , तीन बेटे सईदुल हसन , सुबहान और अहमद रजा हैं। शाम को सबसे छोटा बेटा अहमद रजा (8) घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान उसे कोई अपने साथ लेकर चला गया था। बीते एक अक्टूबर को उसका शव गन्ने के खेत में मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई थी। मामले में जांच के बाद भोजपुर पुलिस ने आरोपी चाचा मुस्तफा को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह चार भाई हैं। एक भाई की पत्नी के साथ उसके अवैध संबंध थे। घटना से कुछ दिन पहले भतीजे ने दोनों को एक बिस्तर पर देख लिया था इसी के चलते उसने भतीजे की हत्या की साजिश रची। अहमद रजा को खेत में ले गया, जहां उसकी गला घोंट कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।











