जांजगीर चाम्पा 04 मार्च 2022 - गुरुवार देर रात सड़क हादसे में एक पुलिस आरक्षक की मौत हो गई। आरक्षक अपनी ड्यूटी खत्म करने के बाद बाइक से घर लौट रहा था इसी दौरान सामने से आ ही दूसरी बाइक से उसकी टक्कर हो गई। इस हादसे में आरक्षक के सिर पर गंभीर चोट लगी और काफी खूल बह गया। इसके चलते उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसा बलौदा थाना क्षेत्र में हुआ।
जानकारी के मुताबिक, बलौदा के उप थाना पंतोंरा चौकी में पदस्थ आरक्षक सहदेव निर्मलकर (30) गुरुवार रात करीब 09 बजे ड्यूटी खत्म कर अपने घर बलौदा जाने के लिए बाइक से निकला था। अभी वह खिसोरा जंगल के पास मेन रोड पर पहुंचा था कि सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक से टकरा गया। टक्कर के बाद सहदेव उछलकर नीचे गिरा और उसकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि सिर पर लगी चोट और ज्यादा खून बहने से सहदेव की मौत हुई है। हादसे के बाद दूसरा बाइक चालक मौके से भाग निकला। यह भी कहा जा रहा है कि अगर सहदेव को हादसे के बाद समय पर अस्पताल लाया जाता तो उसकी जान बच सकती थी, लेकिन पुलिस को सूचना मिलने में काफी देर हो गई। फिलहाल मर्ग दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।









