जांजगीर चांपा 15 सितंबर 2021 -  राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक ने सदस्य सुश्री शशिकांता राठौर एवं श्रीमती अर्चना उपाध्याय की उपस्थिति में कलेक्टोरेट के सभाकक्ष में 25 प्रकरणों की सुनवाई की। 

महिला आयोग के समक्ष जिले में महिला उत्पीड़न से संबंधित 25 प्रकरण सुनवाई के लिए प्रस्तुत किया गया। जिनमें से 13 प्रकरण नस्तीबद्ध किये गये।  

एक प्रकरण में ग्राम खरौद की महिला ने सामाजिक बहिष्कार की शिकायत की थी जिस पर आयोग की अध्यक्ष द्वारा समाज के सदस्यों को समझाने पर उन्होंने यह माना कि महिला का सामाजिक बहिष्कार ना कभी हुआ था, ना किया गया था। अध्यक्ष ने कहा कि समाजिक बहिष्कार अपराध है समाज में जागरुकता आ गई है। 

किसी भी व्यक्ति को समाजिक बहिष्कार कर प्रताड़ित नही किया जा सकता है। डॉ नायक ने महिला का सामाजिक सदस्यों के साथ फोटो प्रकाशित करवाने के भी निर्देश दिए, ताकि भविष्य में महिला को किसी भी प्रकार की दिक्कत ना हो। महिला को भविष्य में किसी भी प्रकार के समाजिक बहिष्कार से संबंधित समस्या होने पर न्यायालय जाने की स्वतंत्रता देते हुए प्रकरण नस्तीबद्ध किया गया।