रायगढ़ 31 जुलाई 2023 - ओडिशा के रायगढ़ा जिले में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें बारिश के पानी में नहाने के दौरान निर्माणाधीन पुल का हिस्‍सा गिरने से चार बच्‍चों सहित कुल पांच लोगों की मौत हो गई. पुलिस के मुताबिक यह घटना कल्याणसिंहपुर ब्लॉक के उपरसजा गांव में उस समय घटी जब वे इसके नीचे नहा रहे थे. फायर ब्रिगेड द्वारा रेस्‍क्‍यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है. काफी मशक्‍कत के बाद पांच शवों को मलबे में से बाहर निकाला जा सका है. शवों को पोस्‍टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवा दिया गया है. लापरवाही का मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर कर रही है।

पुलिस के मुताबिक मृतकों में चार बच्‍चे शामिल हैं. वे पुल के नीचे जमा बारिश के पानी में मस्‍ती कर रहे थे. तभी अचानक से पुल का हिस्‍सा भरभरा कर गिर गया. घटना के बाद वहां अफरातफरी मच गई. आनन फानन में मामले की सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी गई. जिसके बाद राहत और बचाव का काम शुरू हो सका. इस बात की आशंका जताई जा रही है कि कुछ अन्‍य बच्‍चे भी अभी मलबे के नीचे दबे हो सकते हैं. यही वजह है कि फिलहाल राहत और बचाव का काम जारी है।