शाहजहांपुर 18 मई 2023 - अवैध संबधों में रोड़ा बनने पर महिला ने अपने देवर के साथ मिलकर पति की डंडे से पीटकर हत्या कर दी। दोनों आरोपी पहले घटना को आत्महत्या बताते रहे। पुलिस ने जब सख्ती से पूछताछ की तो दोनों ने हत्या की बात स्वीकार की है। मौके पर एसपी भी पहुंचे हैं।

जानकारी के मुताबिक अल्हागंज थाना क्षेत्र के बगिया मुहल्ला निवासी अनोज सिंह की पत्नी सोनी का अपने देवर श्यामपाल से करीब एक साल से अवैध संबंध चल रहा था। अनोज को जब इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने पत्नी व अपने भाई को कई बार समझाया लेकिन उसके बाद भी दोनो नहीं माने।

गुरुवार को सोनी का पति से विवाद हुआ तो उसने डंडे से प्रहार कर दिया। श्यामपाल ने भी भाई की पिटाई कर दी जिससे अनोज की मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों शराब के नशे में अनोज के आत्महत्या करने की बात कह रहे थे। शरीर पर चोट के निशान होने की जानकारी होने पर एसपी भी मौके पर पहुंच गए। एसपी ने बताया दोनों से पूछताछ की जा रही हैं।