विदिशा 23 सितंबर 2022 -  जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में बीते दो दिनों से वर्षा का दौर जारी है। इसी के चलते शुक्रवार को सुबह के समय दीपनाखेड़ा के समीप वेगवती नदी उफान पर रही। पुल पर कोई पुलिसकर्मी तैनात नहीं होने के कारण एक बस चालक ने यात्रियों से भरी बस उफनती नदी के बीच ही रपटे से निकाली। गनीमत रही कि कोई हादसा नहीं हुआ। इस दौरान बस में सवार यात्रियों की सांसें भी अटकी रहीं।

लगातार वर्षा के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित छोटी नदियां और नाले जल्दी उफान पर आ जाते हैं। शुक्रवार को सुबह के समय वेगवती नदी के पुल पर एक फीट से अधिक पानी था। बिना रेलिंग का संकरा पुल होने के कारण इस पुल से उफान के समय निकलना खतरनाक होता है, लेकिन बामोरी शाला की ओर से आ रही एक बस के चालक ने इस उफनती नदी के बीच ही रपटे पर बस उतार दी। बस में 25 से अधिक यात्री सवार थे। यात्रियों की जान जोखिम में डालकर चालक ने उफनती नदी से निकाल ली। 

यहां पर बस चालक को रोकने वाला कोई नहीं था।
पिछले माह इसी पुल पर रात के समय उफनती नदी पार करते समय कार सवार लोग बहते-बहते बचे थे। उन्‍हें स्थानीय पुलिसकर्मियों ने बचाया था। इस घटना के बाद स्थानीय प्रशासन ने उफनती नदी से कार निकालने वाले दो लोगों पर प्रकरण भी दर्ज किया था। इसके बावजूद उफान के समय इस पुल से आवाजाही पर रोक नहीं लग रही है। सिरोंज एसडीएम प्रवीण प्रजापति के मुताबिक उफनती नदी से बस निकलने की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने स्थानीय पुलिस को आवाजाही रोकने के निर्देश दिए हैं।