नई दिल्ली 21 अगस्त 2021 - देश में इन दिनों कोरोना टीकाकरण का अभियान सक्रिय रूप से चल रहा है। बहुत बड़ी आबादी को वैक्‍सीन के पहले डोज लग चुके हैं। ऐसे में आज एक और अच्‍छी खबर सामने आई है। सरकार की ओर से गठित सब्जेक्‍ट एक्‍सपर्ट कमेटी ने जायडस कैडिला की तीन डोज वाली कोरोना रोधी वैक्सीन के आपात इस्‍तेमाल को मंजूरी मिल गई है। ZyCoV-D कोरोना वायरस के खिलाफ दुनिया की पहली डीएनए वैक्सीन होगी जिसे किसी भारतीय कंपनी द्वारा विकसित किया गया है। 

इस तरह से देश में मंजूरी पाने वाली यह यह छठी वैक्सीन है जिसे सीरम इंस्टीट्यूट की कोविशील्ड, भारत बायोटेक की कोवैक्सीन, रूस के स्पुतनिक-वी, मॉडर्ना और जॉनसन एंड जॉनसन की वैक्‍सीन के बाद अनुमोदित किया जाएगा।

केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन की कोविड-19 पर विषय विशेषज्ञ समिति ने गुरुवार को जाइडस कैडिला द्वारा दिए गए आवेदन पर विचार-विमर्श किया और इसकी तीन डोज वाली कोविड-19 रोधी वैक्सीन के लिए आपात इस्‍तेमाल को मंजूरी देने की सिफारिश की थी। समिति ने अपनी सिफारिशें औषधि महानियंत्रक के पास भेज दिया था।