जयपुर 05 अगस्त 2023 - एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने जयपुर हेरिटेज नगर निगम मेयर मुनेश गुर्जर के घर छापा मारा। टीम ने मेयर के पति सुशील गुर्जर और दो दलालों को गिरफ्तार किया है। सुशील पर पट्टे बनाने की एवज में 2 लाख रुपए की घूस मांगने का आरोप है। मेयर के घर सर्च में 40 लाख रुपए नकद मिले हैं। जिन्हें गिनने के लिए नोट गिनने की मशीन मंगाई है। इसके साथ ही एक दलाल के घर भी 8 लाख नकद बरामद हुए हैं। मामले में मेयर की भूमिका को लेकर भी ACB जांच कर रही है।
ब्यूरो के अतिरिक्त महानिदेशक हेमंत प्रियदर्शी (अतिरिक्त चार्ज महानिदेशक) ने बताया कि ACB की स्पेशल इंवेस्टिगेशन यूनिट (SIU) जयपुर इकाई को शिकायत दी गई कि पट्टा जारी करने की एवज में सुशील गुर्जर की ओर से दलाल नारायण सिंह और अनिल दुबे के मार्फत 2 लाख रुपए मांगे जा रहे हैं।
ACB जयपुर के उप महानिरीक्षक रणधीर सिंह के सुपरविजन में शिकायत का सत्यापन किया गया। शुक्रवार रात ASP ललित शर्मा के नेतृत्व में टीम ने दलाल नारायण सिंह निवासी 55 A नेहरू नगर, हटवाड़ा रोड जयपुर को परिवादी से 2 लाख रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार गया।
मामले में शामिल होने के आधार पर मेयर पति सुशील गुर्जर निवासी A-3 आदर्श कॉलोनी शक्तिनगर हटवाड़ा रोड़ हसनपुरा, जयपुर और दलाल अनिल दुबे निवासी 173, शक्तिनगर हटवाड़ा रोड हसनपुरा जयपुर को भी गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई के दौरान दलाल नारायण सिंह के घर की तलाशी में 8 लाख रुपए से अधिक नकदी बरामद की गई है। ACB अधिकारी आरोपियों से पूछताछ कर रहे हैं।











