छत्तीसगढ़ - कलयुगी पिता ने 12 साल की नाबालिग बेटी को बनाया हवस का शिकार, हुआ गिरफ्तार..
बालोद 23 जुलाई 2026 - छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाली बेहद गंभीर और संवेदनशील घटना सामने आई है। गुंडरदेही थाना क्षेत्र में एक पिता पर अपनी ही 12 वर्षीय नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। इस मामले में पीड़िता की मां की शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला बालोद जिले के गुंडरदेही थाना क्षेत्र का है। पीड़ित बच्ची अपनी मां के साथ थाने पहुंची और अपने पिता के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में नाबालिग ने अपने साथ हुई घटना की जानकारी पुलिस को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बिना देरी किए अपराध दर्ज किया और जांच शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने का आदेश दिया गया।
बालोद ASP मोनिका ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि गुंडरदेही थाना में एक महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसकी नाबालिग पुत्री के साथ उसके ही पिता द्वारा दुष्कर्म किया गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज किया और उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।















