छत्तीसगढ़ - तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई, हादसे में दो युवकों की मौत..
दुर्ग 23 जुलाई 2026 - भिलाई के सेंट्रल एवेन्यू रोड पर गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना जोरदार था कि कार सीधे सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही भिलाई नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को कार से बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया। इलाज के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक हादसा सुबह तकरीबन 4 से 5 बजे के बीच हुआ। कार सेक्टर- 9 से सेक्टर- 6 की ओर जा रही थी। इसी दौरान सेंट्रल एवेन्यू पर कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना भिलाई नगर थाना क्षेत्र की है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
इस सड़क हादसे में 23 वर्षीय दीपक गुप्ता और 15 वर्षीय कौशिक दास की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों भिलाई के सेक्टर- 6 के रहने वाले थे। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।















