छत्तीसगढ़ में गुरुवार के मौसम को लेकर IMD ने जारी किया ताजा अपडेट, जताई यह संभावना..
रायपुर , 23/07/2026 12:05:08 PM
रायपुर 23 जुलाई 2026 - छत्तीसगढ़ में मानसून की सक्रियता के कारण राजधानी रायपुर सहित प्रदेश भर में मूसलाधार बारिश का दौर लगातार जारी है। मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले 48 घंटों के लिए छत्तीसगढ़ के 11 जिलों में भारी से अति-भारी बारिश की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है। जुलाई महीने में बने दूसरे मजबूत सिस्टम के असर से रायपुर में आषाढ़ के महीने में ही सावन जैसी झड़ी लगी हुई है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और मजबूत मानसूनी तंत्र के प्रभाव से प्रदेश के मध्य और उत्तरी भागों में तेज बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने आज कोरबा, बलरामपुर, सूरजपुर, कोरिया, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, मुंगेली, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, रायगढ़ और जशपुर में गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश का अनुमान जताया है।















