छत्तीसगढ़ में बड़ा रेल हादसा टला, मालगाड़ी के 05 डिब्बे पटरी से उतरे, रेल परिचालन हुआ प्रभावित
बिलासपुर 14 जुलाई 2026 - बिलासपुर जिले में करगी रोड रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को बड़ा रेल हादसा टल गया। यहां एक मालगाड़ी के पांच डिब्बे अचानक पटरी से उतर गए। घटना के बाद रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई है।
जानकारी के अनुसार, करगी रोड रेलवे स्टेशन के पास मालगाड़ी के डिब्बों के पटरी से उतरने की सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी तत्काल सक्रिय हो गए। मौके पर रेलवे सुरक्षा बल की टीम और तकनीकी विभाग के अधिकारी पहुंच गए और स्थिति का जायजा लिया।
प्रारंभिक जांच के दौरान पटरी से उतरे डिब्बों के नीचे जेसीबी मशीन का बकेट फंसा हुआ मिला है। इसके बाद रेलवे अधिकारियों ने घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि मालगाड़ी के डिब्बे किस वजह से पटरी से उतरे और जेसीबी का बकेट वहां कैसे पहुंचा। रेलवे प्रशासन ने घटना को गंभीरता से लेते हुए तकनीकी टीम को राहत और बहाली कार्य में लगाया है।
क्षतिग्रस्त ट्रैक को ठीक करने और रेल यातायात को सामान्य करने के लिए युद्धस्तर पर काम किया जा रहा है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जाएगी। इसके लिए घटनास्थल से तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
















