छत्तीसगढ़ - महानदी के किनारे महिला की लाश मिलने से मची सनसनी, पुलिस जांच में जुटी..
रायपुर 13 जुलाई 2026 - रायपुर जिले के आरंग क्षेत्र के ग्राम पारागांव में महानदी के किनारे एक महिला का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतका के शरीर पर चोट के गहरे निशान पाए गए हैं, जिससे शुरुआती जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही आरंग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए रायपुर से फोरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी बुलाया गया।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान ग्राम पारागांव निवासी रुक्मणी सोनवानी (36 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रुक्मणी के पति का पहले ही निधन हो चुका था और वह गांव में रह रही थीं। जांच में सामने आया है कि महिला के शरीर पर चोट के कई निशान मौजूद हैं। इन निशानों से यह आशंका जताई जा रही है कि मौत से पहले उसके साथ मारपीट या संघर्ष हुआ होगा। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटना स्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं।
बताया जा रहा है कि शव के आसपास से कुछ ऐसे सुराग मिले हैं, जो जांच में महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं। हालांकि, पुलिस ने अभी तक हत्या के कारण और आरोपी को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी साझा नहीं की है। मामले की जांच सभी संभावित एंगल से की जा रही है।















