चार साल बाद देश मे कोरोना ने एक बार फिर दी दस्तक, दो संक्रमितों की मौत से मचा हड़कंप
नई दिल्ली 13 जुलाई 2026 - देश में 4 साल बाद एक बार फिर कोरोना ने दस्तक दे दी है. आंध्र प्रदेश के वाईएसआर कडप्पा जिले में यह मामले दर्ज किये गए हैं। इस जिले में पिछले कुछ हफ्तों के अंदर कोविड -19 के आठ मामले सामने आए हैं और दो मरीजों की मौत हो चुकी है। इन नए मामलों के सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। इसी के साथ स्वास्थ्य अधिकारियों ने निगरानी और तैयारी के उपायों को तेज कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, कडप्पा के राजमपेट इलाके में एक 52 वर्षीय एक व्यक्ति को बुखार और खांसी की शिकायत हुई। जांच में व्यक्ति कोविड -19 पॉजिटिव पाया गया, इसके बाद वेल्लोर के क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
वहीं एक दूसरे मामले में कडप्पा के 43 वर्षीय व्यक्ति की तबीयत बिगड़ने के बाद उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जांच के दौरान वह कोविड -19 संक्रमित पाया गया और बाद में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। कडप्पा मेडिकल कॉलेज के 25 वर्षीय मेडिकल छात्र का भी वायरस टेस्ट पॉजिटिव आया है और वर्तमान में उनका होम आइसोलेशन के माध्यम से इलाज चल रहा है।
स्वास्थ्य विभाग एक्शन में आया और जिले में विशेष त्वरित प्रतिक्रिया दल तैनात किए। टीम ने प्रभावित क्षेत्रों में लगभग 40 लोगों के सैंपल कलेक्ट किए। रिपोर्ट के अनुसार, 18 सैंपल की रिपोर्ट नेगेटिव आई है, जबकि बाकी सैंपल की रिपोर्ट आनी बाकी है। जिला स्वास्थ्य अधिकारियों ने जिला परिषद की बैठक में बताया कि जिले में वर्तमान में कोविड -19 के आठ सक्रिय मामले हैं। वायरस के प्रकार की पहचान करने और इसके संचरण पैटर्न को समझने के लिए नमूनों को जीनोम अनुक्रमण हेतु पुणे की एक प्रयोगशाला में भेजा गया है।















