माँ के प्रेमी को बेटे ने दी खौफनाक सजा, दिनदहाड़े बीच सड़क पर चाकू से किया इतना वार की..
राजकोट 08 जुलाई 2026 - गुजरात के जेतपुर शहर के कणकिया प्लॉट इलाके में कमलेश वाघेला (35) की दिनदहाड़े सरेआम चाकू से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी गई. यह घटना मंगलवार 07 जुलाई 2026 को हुई. पूरी वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसके बाद घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मामले में मृतक के छोटे भाई कपिल वाघेला (25) ने जयंत वाघेला के खिलाफ राजकोट ग्रामीण के जेतपुर सिटी थाने में BNS की धारा 103(1) समेत अन्य धाराओं के तहत शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर जेतपुर सिटी पुलिस ने आरोपी जयंत वाघेला को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस को दी गई शिकायत में कपिल वाघेला ने बताया कि उसके बड़े भाई कमलेश वाघेला पिछले कई वर्षों से जयंत की मां नीता के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे. यह संबंध जयंत के पिता कालू वाघेला के जीवित रहते ही शुरू हुआ था. इसी बात का मन में रंजिश रखते हुए 07 जुलाई 2026 को जयंत ने कमलेश की हत्या कर दी।
जेतपुर सिटी पुलिस स्टेशन के PI ए. डी. परमार ने मीडिया से बातचीत में बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कमलेश और नीता पिछले 12 साल से लिव-इन रिलेशनशिप में साथ रह रहे थे. इस दौरान मृतक कमलेश वाघेला ने नीता की बेटी की भी शादी करवाई थी. वहीं, नीता के अन्य दो बेटे राजकोट के कोठारिया इलाके में रहते हैं, जिनमें से जयंत ने कमलेश की हत्या की है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मृतक कमलेश वाघेला मजदूरी का काम करता था और कणकिया प्लॉट इलाके में ही रहता था. उसके शरीर के विभिन्न हिस्सों पर चाकू के 5 से अधिक वार किए गए थे. सोशल मीडिया पर वायरल CCTV फुटेज के ऑडियो में साफ सुनाई देता है कि घायल कमलेश वाघेला आसपास मौजूद लोगों से अपनी जान बचाने की गुहार लगा रहा है. साथ ही वह आरोपी जयंत वाघेला से भी रहम की अपील करता दिखाई देता है।
















