नई दिल्ली 28 नवम्बर 2026 - स्कूल शिक्षा निदेशालय ने शुक्रवार को कश्मीर संभाग के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों के शीतकालीन अवकाश के लिए नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। जारी नोटिफिकेशन के अनुसार प्री प्रायमरी से 8वीं तक की कक्षाओं में 30 नवंबर से 28 फरवरी तक शीतकालीन अवकाश रहेगा। वहीं, 9वीं से 12वीं तक की कक्षाओं में 14 दिसंबर 2026 से 22 फरवरी 2027 तक छुट्टियां रहेंगी। बता दें कि ठंड में बच्चों के स्कूल जाने से अभिभावक परेशान थे और लगातार सरकार से छुट्टियों की मांग कर रहे थे।
मिली जानकारी के अनुसार स्कूल शिक्षा निदेशालय ने कश्मीर घाटी में बढ़ती ठंड को देखते हुए ये फैसला लिया है। बता दें कि नवंबर के आखिरी सप्ताह में ठंड बढ़ गई है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख में रात का तापमान माइनस में है। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान -1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम की अब तक की सबसे ठंडी रात रही। वहीं, शोपियां -4.1 डिग्री सेल्सियस के साथ घाटी का दूसरा सबसे ठंडा इलाका रहा। कश्मीर के अन्य हिस्सों में, पुलवामा में -3.4 डिग्री सेल्सियस, अनंतनाग में माइनस 2.6 डिग्री सेल्सियस, पंपोर के कोनिबल में माइनस 2.5 डिग्री सेल्सियस और बडगाम में माइनस 2.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
DSEK ने यह भी निर्देश दिया है कि छुट्टियों के दौरान शैक्षणिक गतिविधियों के लिए शिक्षक उपलब्ध रहेंगे। आदेश में कहा गया है, 'स्कूल खुलने से 4 दिन पहले सभी शिक्षकों को अपने-अपने स्कूलों में वापस आना होगा, ताकि स्कूल फिर से खोलने की तैयारियां की जा सकें।'













