अमरोहा 28 नवम्बर 2026 - उत्तर प्रदेश के अमरोहा में प्रेम संबंध का एक अनोखा मामला सामने आया है। करीब 08 साल पहले शादी करने वाली एक महिला की इंस्टाग्राम पर मुरादाबाद के रहने वाले युवक से दोस्ती हुई। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और महिला ने पति से अलग होकर प्रेमी के साथ रहने का फैसला कर लिया। हालांकि दोनों के रिश्ते से ज्यादा चर्चा उनके इकरारनामे की हो रही है। दोनों ने लिव - इन रिलेशनशिप में रहने से पहले अपनी जिम्मेदारियां और फ्यूचर से जुड़ी नौ शर्तें लिखित तौर पर तय की हैं। मामला अमरोहा के डिडौली कोतवाली क्षेत्र के एक गांव का है।
बताया जा रहा है कि महिला की शादी साल 2018 में अमरोहा के रहने वाले एक युवक से हुई थी। कुछ वक्त बाद पति - पत्नी के बीच विवाद होने लगे और रिश्ते में दूरियां बढ़ती चली गईं। इसी दौरान करीब एक साल पहले महिला की इंस्टाग्राम के जरिए मुरादाबाद के एक युवक से पहचान हुई। बातचीत का सिलसिला बढ़ा तो दोस्ती प्यार में बदल गई।
महिला का कहना है कि उसका पति से विवाद चल रहा है और वह तलाक देने के लिए तैयार नहीं है। ऐसे में उसने पति का घर छोड़कर प्रेमी के साथ लिव - इन में रहने का निर्णय लिया है। इस कहानी का मजेदार पहलू यह है कि जिस युवक के साथ महिला ने रहने का फैसला किया है वह भी पहले से शादीशुदा है। उसके दो बच्चे भी हैं।
दोनों ने अपने रिश्ते और उससे जुड़ी जिम्मेदारियों को लेकर 100 रुपये के स्टांप पेपर पर एक इकरारनामा तैयार कराया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दस्तावेज पर दोनों के हस्ताक्षर और नोटरी की मुहर भी मौजूद है। इसमें भविष्य में दोनों की संतान होने पर उसकी पहचान, परवरिश, संपत्ति में अधिकार और आर्थिक जिम्मेदारियों का भी जिक्र किया गया है।
यह हैं इकरारनामे की 9 शर्तें?
01 - आपसी सहमति: दोनों अपनी मर्जी से बिना किसी दबाव के लिव-इन रिलेशनशिप में रहेंगे।
02 - संतान की जिम्मेदारी: भविष्य में दोनों की संतान होने पर युवक उसे अपनी संतान के रूप में स्वीकार करेगा।
03 - खर्च और संपत्ति में अधिकार: बच्चे की पढ़ाई, इलाज, परवरिश और शादी का खर्च युवक उठाएगा। उसकी संपत्ति में अधिकार देने की बात भी लिखी गई है।
04 - दस्तावेजों में पिता का नाम: बच्चे के आधार कार्ड, पैन कार्ड समेत अन्य दस्तावेजों में पिता के तौर पर युवक का नाम दर्ज कराने की बात कही गई है।
05 - महिला रिश्ते से जुड़ी अपनी जिम्मेदारियां निभाएगी और आपसी तालमेल बनाए रखेगी।
06 - युवक महिला के जरूरी खर्च उठाएगा और उसे मानसिक या शारीरिक कष्ट नहीं देगा।
07 - महिला युवक की पहली पत्नी से हुए बच्चों की भी देखभाल करेगी।
08 - दोनों इकरारनामे में तय शर्तों का पालन करेंगे।
09 - दोनों ने अपने समझौते में किसी तीसरे व्यक्ति के हस्तक्षेप या आपत्ति नहीं करने की शर्त भी लिखी है।
कानून के जानकारों के मुताबिक महज स्टांप पेपर पर इकरारनामा लिखने या नोटरी कराने से पहली शादी कानूनी तौर पर खत्म नहीं हो जाती। हिंदू विवाह अधिनियम, 1955 के तहत आने वाले विवाहों में तलाक के लिए निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन करना होता है।













